ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन पास कर अमान सलमानी ने बढ़ाया जालंधर का मान, अब सुप्रीम कोर्ट में कर सकेंगे प्रैक्टिस

0
15

Jalandhar : शहर के युवा अधिवक्ता एवं अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर अमान सलमानी ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इस परीक्षा में सफलता के साथ अब अमान सलमानी को देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया सहित विभिन्न न्यायालयों में विधिक प्रैक्टिस करने का अधिकार प्राप्त हो गया है।
अमान सलमानी की इस सफलता की खबर सामने आते ही उनके परिजनों, मित्रों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों, खेल जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई संदेश देने वालों का तांता लग गया, वहीं कई लोगों ने व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। लोगों ने इसे जालंधर के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि अमान ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है
इस अवसर पर अमान सलमानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अल्लाह की कृपा को दिया। उन्होंने कहा, मेरे माता-पिता की दुआओं और आशीर्वाद के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। परिवार ने हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर कठिन समय में मेरा हौसला बढ़ाया। मैं अपने शिक्षकों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और उन सभी लोगों का भी आभारी हूं जिन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक सफल वकील बनना नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था के माध्यम से समाज के जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने पेशे का निर्वहन करते हुए लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अमान सलमानी इससे पहले खेल जगत में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पावरलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन कर वे कई सम्मान अर्जित कर चुके हैं। अब विधि के क्षेत्र में भी इस नई उपलब्धि ने उनके व्यक्तित्व में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
शहर के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों तथा विभिन्न संगठनों ने अमान सलमानी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share this content:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here