जालंधर से हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना, बशीर मलिक और मोहम्मद गुलफाम को भावभीनी विदाई दी

0
12

जालंधर, 30 अप्रैल (मज़हर): जालंधर शहर से हज यात्रियों का पहला जत्था आज पूरी आस्था, सम्मान और आध्यात्मिक माहौल के बीच रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गया, जहां से वे 2 मई को मदीना मुनव्वरा के लिए उड़ान भरेंगे। इस मौके पर स्टेशन का नज़ारा बेहद भावुक था, जहां रिश्तेदारों, दोस्तों और शहर के गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही और हज यात्रियों को दुआओं और शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया।
हज यात्री बशीर मलिक की रुख़्सती के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अकाली दल के वरिष्ठ जिला वाइस प्रधान और जमात सलमानी ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी आबिद हसन सलमानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जब्बार खान और मैक्स टीम के सदस्यों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बशीर मलिक को फूलों की मालाएं पहनाकर मुबारकबाद दी और उनके सफल एवं कबूल हज के लिए दुआ की। इस दौरान “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” की सदाएं माहौल में गूंजती रहीं।

इस अवसर पर हाजी आबिद हसन सलमानी ने बताया कि इस वर्ष पंजाब से कुल 310 हज यात्री पवित्र यात्रा के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर से रवाना होने वाला यह पहला जत्था है, जिसमें बशीर मलिक शामिल हैं, जो आज दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं और 2 मई को मदीना मुनव्वरा के लिए उड़ान भरेंगे। उन्होंने कहा कि हज एक महान सौभाग्य है और हर मुसलमान की दिली ख्वाहिश होती है कि उसे यह अवसर मिले।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जब्बार खान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हज की सौगात हर किसी को नसीब नहीं होती और वही लोग खुशकिस्मत होते हैं जिन्हें अल्लाह तआला अपने घर की हाज़िरी के लिए चुनता है। उन्होंने हज यात्रियों के लिए दुआ की कि अल्लाह उनका सफर आसान करे और उनकी इबादतों को कबूल फरमाए।
कार्यक्रम में बशीर मलिक के परिवार और करीबी रिश्तेदारों की बड़ी संख्या भी मौजूद रही, जिनमें उनके भाई यूसुफ मीर, एडवोकेट आबिद अहमद मीर, अयाज़ मैक्स सलमानी, वसीम सलमानी, आलम अंसारी, राशिद सलमानी, महताब सलमानी, जाहिद मलिक, ज़ुबैर मलिक, नईम अली, रहमानी मस्जिद प्रीत नगर सूढल के इमाम मुफ्ती नूरुद्दीन नदवी, साजिद सलमानी, अब्दुल लतीफ सहित अन्य लोग शामिल थे। विदाई के क्षणों में भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां एक ओर खुशी और गर्व था तो दूसरी ओर जुदाई के एहसास ने आंखों को नम कर दिया।
गौरतलब है कि हर साल की तरह इस साल भी जालंधर समेत पूरे पंजाब से सैकड़ों लोग इस पवित्र फर्ज की अदायगी के लिए रवाना होने शुरू हो गए हैं।

Share this content:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here