कसाई एसएचओ गुरमीत सिंह के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत तुरंत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करे सरकार: भाजपा
फिरोजपुर, 27 नवंबर (): जिला फिरोजपुर के जीरा में एक होनहार दलित स्कूली छात्र और हॉकी खिलाड़ी जशनदीप की पुलिस हिरासत के दौरान यातना के कारण हुई मौत पर भारतीय जनता पार्टी ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ तीखा मोर्चा खोल दिया है। भाजपा एस.सी. मोर्चा पंजाब के अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने इस घटना को सरकारी संरक्षण में हुई शर्मनाक हत्या करार देते हुए दोषी एसएचओ गुरमीत सिंह के खिलाफ हत्या (धारा 103 बीएनएस) और एससी/एसटी एक्ट के तहत तुरंत केस दर्ज कर गिरफ्तार करने की जोरदार मांग की है। अंगुराल ने कहा कि ‘आप’ सरकार के राज में पुलिस थाने बूचड़खाने बन चुके हैं, जहां गरीबों और दलितों की जानें बेरहमी से ली जा रही हैं।
घर से उठाकर थाने में अमानवीय यातना; फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण अस्पताल में तोड़ा दम-
घटना के खौफनाक विवरण देते हुए शीतल अंगुराल ने बताया कि मृतक युवक जशनदीप 12वीं कक्षा का छात्र और हॉकी का खिलाड़ी था। एसएचओ गुरमीत सिंह ने उसे बिना किसी कसूर के घर से उठाया और थाने ले जाकर दो दिन और एक रात लगातार अमानवीय यातनाएं दीं। युवक से जबरन 100 दंड-बैठक लगवाए गए, जिसके कारण वह बेहोश हो गया। यातना के दौरान मुंह में डाला गया पदार्थ फेफड़ों में चले जाने के कारण उसे गंभीर संक्रमण हो गया। परिवार के अनुसार, थानेदार ने बरामद किया गया नशीला पदार्थ उस निर्दोष लड़के के सिर मढ़ने की धमकियां भी दीं। अंगुराल ने कहा कि ‘मां-बेटियों के सम्मान’ के दावे करने वाली ‘आप’ सरकार के राज में दिवंगत युवक को छुड़ाने गई घर की महिलाओं के साथ भी एसएचओ द्वारा बदसलूकी की गई। जब परिवार उसे छुड़ाकर लाया तो वह लगातार उल्टियां कर रहा था और अस्पताल में भर्ती कराए जाने के महज दो दिनों के भीतर ही उसकी मौत हो गई।
‘भैरों आने’ के अहंकारी डायलॉग मारने वाले दागी अफसर को किसका संरक्षण: भाजपा-
भाजपा एस.सी. मोर्चा पंजाब के अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने कहा कि एसएचओ गुरमीत सिंह के खिलाफ पहले भी युवाओं के कानों के पर्दे फाड़ने, फेफड़ों में पानी भरने और रीढ़ की हड्डी तोड़कर अपंग बनाने के संगीन आरोप लगते रहे हैं। यह अधिकारी सरेआम अहंकार से कहता था कि “मुझमें भैरों आता है और जब आता है तो मुझे पता नहीं चलता कि कितना पीटता हूं” और “मैं पीटता भी हूं, पैसे भी लेता हूं और पर्चा (मामला) भी दर्ज करता हूं।” अंगुराल ने सवाल किया कि ऐसे जालिम थानेदार को जेल भेजने के बजाय किसकी शह पर पदोन्नतियां दी जा रही थीं? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी थानेदार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो भाजपा पूरे जिले में संघर्ष छेड़ेगी।
Share this content:


