मान सरकार की भाईचारे की साझ और लोक कल्याण के प्रति वचनबद्धता को दोहराया
जालंधर, 15 नवंबर
पंजाब के बागवानी और रक्षा सेवाएँ कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज बिस्त दोआब कैनाल के अलावा विभिन्न घाटों पर छठ पूजा संबंधी आयोजित समारोहों में शिरकत की। इस अहम मौके पर श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए उन्होंने परमात्मा के आगे स्थायी शांति, खुशहाली और भाईचारे की साझ बनाए रखने की अर्दास की।
इस मौके पर इकट्ठे लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री, पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली सरकार सभी धर्मों का बराबर सम्मान करती है और प्रदेश में शांति तथा सभी वर्गों में भाईचारे की साझ बनाए रखने के लिए अपनी वचनबद्धता के प्रति दृढ़ है।
इस अहम समारोह की तैयारियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुख्ता प्रबंध पहले ही पूरे कर लिए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंधों के लिए विभिन्न धार्मिक संगठनों के साथ पहले ही मीटिंगें की जा चुकी थी। त्योहार से पहले आवश्यक प्रबंध किए गए थे, जिनमें साफ-सफाई अभियान, सभी घाटों की सुचारु तैयारी, नहर में आवश्यक पानी की आपूर्ति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा आदि शामिल थे।
पंजाब को गुरुओं और संतों की पवित्र धरती बताते हुए श्री भगत ने कहा कि पंजाब सरकार उनके द्वारा दिखाए मार्ग और शिक्षाओं पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की भलाई और तरक्की के लिए सक्रियता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा अनेक लोक कल्याण योजनाएँ शुरू की गई है,जिनका उद्देश्य लोगों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाना है और इनके माध्यम से मुख्यमंत्री, पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान द्वारा प्रदेश को खुशहाल और ‘रंगला पंजाब’ बनाने के सपने को साकार किया जा रहा है।
Share this content:


