श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित विशाल नगर कीर्तन 21 नवंबर को

0
5

जालंधर, 12 नवंबर : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित 21 नवंबर को शहर में विशाल नगर कीर्तन सजाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मोहल्ला गोबिंदगढ़ से होगी। इस पवित्र समागम को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में आज यहां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरिंदर कौर की उपस्थिति में चेयरमैन पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग चंदन ग्रेवाल, मेयर विनीत धीर और सीनियर ‘आप’ नेता नितिन कोहली द्वारा बैठक की गई।

गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ की गई बैठक के दौरान नगर कीर्तन के रूट और संगत की सुविधा के लिए किए जाने वाले प्रबंधों का विस्तारपूर्वक जायजा लिया गया।

बैठक के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों को पुख्ता सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम के अधिकारियों को नगर कीर्तन के पूरे रूट पर साफ-सफाई, प्रमुख स्थानों और चौकों की सजावट तथा रोशनी के उपयुक्त प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

इसके अलावा पीने का पानी, अस्थायी टॉयलेट, निर्बाध बिजली आपूर्ति, मेडिकल टीमों की तैनाती सहित अन्य आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नगर कीर्तन वाले रूट का दौरा करके आवश्यक प्रबंध पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि नगर कीर्तन में शामिल होने वाली संगत को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

चेयरमैन पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग चंदन ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार सभी धर्मों का समान सम्मान करती है और ऐसे धार्मिक समागम पूरी श्रद्धा के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संगत के सहयोग से नगर कीर्तन के प्रबंध बहुत ही सुचारू रूप से संपन्न किए जाएंगे।

मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रबंधों के मामले में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन में शामिल होने वाली संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा सभी प्रबंध पूरे किए जाएंगे।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा नगर कीर्तन और प्रकाश पर्व समागमों संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है और सभी प्रबंधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी तनदेही से निभाने के निर्देश दिए।

सीनियर ‘आप’ नेता नितिन कोहली ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता को आपसी भाईचारा और सर्वजन के कल्याण का राह दिखाती है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर सजाए जा रहे नगर कीर्तन का जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रकाश पर्व समागमों को उचित ढंग से करवाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

नगर कीर्तन का रूट : नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मुहल्ला गोबिंदगढ़ से शुरू होकर एस.डी. कॉलेज, भारत सोढा वाटर, मंडी फैंटनगंज, गुरुद्वारा दीवान अस्थान, मिलाप चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, पंच पीर, खिंगरा गेट, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चौक अड्डा होशियारपुर, माई हीरां गेट, पटेल चौक, बस्ती अड्डा, जी.टी. रोड, भगवान वाल्मीकि चौक, रैनक बाजार से होते हुए रात को गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन में रात 8 बजे संपन्न होगा।

इस अवसर पर ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम सुमनदीप कौर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Share this content:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here