जालंधर —- कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के जिला चेयरमैन मुबीन खान ने पंजाब सरकार की ओर से पदोन्नति देकर डीजीपी आर्म्ड फोर्सेज नियुक्त किए गए मुहम्मद फैयाज फारूकी से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस मौके पर मुबीन खान ने पंजाब सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मुहम्मद फैयाज फारूकी ने अपनी ईमानदार छवि, बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता और ठोस कार्यशैली के दम पर पंजाब में हर मोर्चे पर उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
मुबीन खान ने कहा कि जब पंजाब सरकार ने मुहम्मद फैयाज फारूकी को पंजाब वक्फ बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी थी तो उन्होंने बहुत कम समय में ही वक्फ बोर्ड के कामकाज में उल्लेखनीय सुधार लाने के साथ-साथ पंजाब भर की मस्जिदों, मदरसों और खानकाहों के लिए अहम कदम उठाए। इसके अलावा इमामों के वेतन में भी पर्याप्त वृद्धि करके एक उल्लेखनीय और ऐतिहासिक काम किया था, जिससे पंजाब भर के मुस्लिम समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई थी।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से मांग की कि मुसलमानों के इस महत्वपूर्ण संस्थान पंजाब वक्फ बोर्ड की कमान एक बार फिर मुहम्मद फैयाज फारूकी को सौंपी जाए, ताकि उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता से वक्फ बोर्ड की कीमती संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और संस्थान के कामकाज को और बेहतर बनाया जा सके।
Share this content:


