हज आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, पंजाब का हज कोटा भी बढ़े : आबिद सलमानी

जालंधर, 23 जुलाई —: ऑल इंडिया जमात सलमानी ट्रस्ट के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अकाली नेता हाजी आबिद हसन सलमानी ने हज कमेटी ऑफ इंडिया से वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने और पंजाब के हज कोटे में वृद्धि करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब तक पंजाब से 427 हज यात्रियों ने आवेदन जमा किए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में इच्छुक लोग अभी भी आवेदन नहीं कर पाए हैं।
हाजी आबिद सलमानी ने हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से कहा कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2026 तक बढ़ाने का फैसला सराहनीय है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है। हालांकि, देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के अनेक लोग अभी भी पासपोर्ट बनवाने, आवश्यक दस्तावेज पूरे करने, तकनीकी दिक्कतों, आर्थिक व्यवस्था और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में आवेदन जमा नहीं कर सके हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे सभी वास्तविक आवेदकों को अवसर देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि में कुछ और दिनों की बढ़ोतरी की जानी चाहिए। साथ ही पंजाब के हज कोटे में भी बढ़ोतरी की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पवित्र हज यात्रा का अवसर मिल सके।

आबिद सलमानी ने कहा कि कोई भी पात्र और इच्छुक व्यक्ति केवल समय की कमी के कारण इस पवित्र इबादत से वंचित न रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि हज कमेटी ऑफ इंडिया और केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।

Share this content:

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *