जालंधर, 2 अक्तूबर : राज्यसभा सदस्य और प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने आज ‘एल्डेको ग्रीन्स सोसाइटी’ द्वारा अपने कैंपस में चलाए गए स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य ने समुदाय की सामूहिक भावना की सराहना करते हुए कहा कि कॉलोनी के निवासियों ने ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत मुकाबले करवाए और इनाम बांटने के लिए खुद को तथा अपने बच्चों को सक्रिय रूप से शामिल किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को ऐसी गतिविधियों में शामिल करने से उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की गहरी भावना पैदा होती है, जिससे वह साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखना सीखते है और हरे-भरे भविष्य की रक्षा करने में सक्षम बनते है।
संबोधन से पहले सोसाइटी के सदस्यों और विद्यार्थियों द्वारा कैंपस के अंदर एक ‘स्वच्छता रैली’ निकाली गई और इसके बाद उन्होंने मिलकर पूरी सोसाइटी की सफाई की। राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने इस विशिष्ट स्वैच्छिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब नागरिक अपने आस-पास की देखभाल की जिम्मेदारी खुद ले लेते हैं, तो एक साफ-सुथरा और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव हो जाता है।
प्रोग्राम के दौरान राज्यसभा सदस्य ने ‘स्वच्छता अभियान’ के तहत करवाए गए विभिन्न मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इनाम भी बांटे। नौजवानों द्वारा पर्यावरण संबंधी किए जाने वाले कार्यों के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जागरूक करना एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि आने वाले समय में एक टिकाऊ और साफ-सुथरे समाज के निर्माण की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपने आस-पास को साफ-सुथरा रखने और समाज में सफाई के महत्व के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई।
इस प्रोग्राम में मुख्य प्रायोजक भगवान दास चौधरी और प्रोजेक्ट डायरेक्टर डा. सुगनी, सुरिंदर पाल के अलावा गोपाल कृष्ण, नरेश सरना, मोहन लूथरा, संजय गुलाटी, हैप्पी मक्कड़, राकेश शर्मा, टी.एस. बग्गा, राजेश पुरी, सुमित ठुकराल, कवल नयन, नेक्टर चौहान, नरेश ढल्ल, वरिंदर कांसल, सुखविंदर सिंह ‘सुखी’, राज कुमार, संजीव लखनपाल, डा. नवदीप अनेजा, नवतेज सिंह, अनूप मिगलानी, एडवोकेट राजेश वर्मा, एस.एन. चोपड़ा और सौरव शर्मा तथा स्टेज एंकर श्वेता गोपाल भी मौजूद थे।
Share this content:


