जालंधर:
जालंधर एक्साइज विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरनामदास पुरा इलाके में एक मकान पर छापा मारकर 584 बोतल शराब बरामद की है। बरामद की गई सभी शराब की बोतलों से ट्रैक एंड ट्रेस (Track & Trace) होलोग्राम हटाए गए थे। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि थाना डिवीजन नंबर-2 में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई डीसी एक्साइज जालंधर जोन रंजीत सिंह के निर्देशों पर एसी एक्साइज रेंज-2 डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल और एसी एक्साइज रेंज-1 अशोक कुमार की अगुवाई में की गई। छापेमारी ईओ वेस्ट-बी जसप्रीत सिंह और ईओ ईस्ट रमन भगत की निगरानी में स्पेशल टास्क ग्रुप (एसटीजी) की टीम ने एक्साइज पुलिस और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की।
गुप्त सूचना के आधार पर एसटीजी टीम के एक्साइज इंस्पेक्टर इंदरबीर सिंह, योगेश मित्तल और सिमरनजीत सिंह ने हर्नामदासपुरा स्थित मकान नंबर-124 में रहने वाले विक्की पुत्र चरण सिंह के घर पर दबिश दी।
यह शराब हुई बरामद
- पंजाब किंग्स ब्रांड की 750 एमएल की 72 बोतलें (6 केस), जो केवल पंजाब में बिक्री के लिए थीं।
- पंजाब किंग्स ब्रांड के 500 निप (10 केस), जो केवल पंजाब में बिक्री के लिए थे।
- शौकीन संतरा ब्रांड की 750 एमएल की 12 बोतलें (1 केस), जो केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थीं।
जांच में सामने आया कि बरामद सभी बोतलों से ट्रैक एंड ट्रेस होलोग्राम हटाए गए थे, जिससे शराब की वैधता और उसकी सप्लाई चेन को छिपाने की कोशिश की गई थी।
डीसी एक्साइज रंजीत सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीमें लगातार गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
Share this content:


