आखिरी गेंद पर ‘अर्बन मैक्स 11 पंजाब’ की रोमांचक जीत, अवतार नगर क्रिकेट क्लब को हराया

0
24

जालंधर, 10 अप्रैल (मज़हर):
सलमानी नाइट क्रिकेट क्लब की ओर से बादशाहपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में अर्बन मैक्स 11 पंजाब ने अवतार नगर क्रिकेट क्लब को आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस टी20 मैच ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट में आखिरी गेंद तक कुछ भी हो सकता है।
अवतार नगर क्रिकेट क्लब के स्टार बल्लेबाज़ वसीम सलमानी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया और 42 रनों की कप्तानी पारी खेली। उनके साथ राशिद अहमद, आबिद हसन सलमानी, आरिफ सलमानी, शाहिद हुसैन और शालू सलमानी ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम का स्कोर 143 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अर्बन मैक्स 11 पंजाब की टीम के कप्तान मैक्स सलमानी ने 44 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं महताब सलमानी, सबनूर आलम, परवेज सलमानी, शाकिर सलमानी और आशु सलमानी ने टीम को जीत की ओर बढ़ाया। मैच के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर महताब सलमानी ने चौका लगाकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
एक अन्य मुकाबले में मैच टाई होने के बाद एक-एक ओवर का सुपर ओवर खेला गया, जिसमें महताब सलमानी ने शाहिद हुसैन को और मैक्स सलमानी ने राशिद अहमद को हराया।
इस मौके पर आबिद सलमानी ने कहा कि तीन हफ्तों से चल रहे इस टूर्नामेंट का आज फाइनल था, जिसे मैक्स 11 ने मैच जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे और बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बनाएं, ताकि एक स्वस्थ पंजाब और समाज का निर्माण हो सके।

Share this content:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here