मुस्लिम हकों को लेकर बड़ा संघर्ष : ईदगाह में सरकार के खिलाफ महा-सभा की तैयारी

जालंधर, 27 मार्च (मज़हर): पंजाब में मुस्लिम समाज के मुद्दों को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान और अकाली दल के जिला वाइज प्रधान हाजी आबिद हसन सलमानी ने मुल्क और सूबे के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला।

एडवोकेट नईम खान ने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुसलमानों से किए गए वादों को पूरी तरह नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है और इसी के तहत जल्द ही पंजाब स्तर पर एक बड़ी बैठक ईदगाह में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पूरे प्रदेश से मुस्लिम प्रतिनिधि शामिल होंगे और अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
नईम खान ने आगे कहा कि यह बैठक सिर्फ एक सभा नहीं होगी, बल्कि मुस्लिम समाज की आवाज को मजबूती देने का एक बड़ा मंच बनेगी, जहां शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी।

वहीं हाजी आबिद हसन सलमानी ने भी कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि अब मुस्लिम समाज किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों और नेताओं ने मुसलमानों से किए वादे पूरे नहीं किए, उन्हें आने वाले समय में कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे नेताओं को किसी भी वार्ड में घुसने नहीं दिया जाएगा।

सलमानी ने कहा कि मुस्लिम समाज अब एकजुट होकर अपने हकों के लिए आवाज उठाएगा और अपने वोट की ताकत का सही इस्तेमाल करेगा। उन्होंने लोगों से एकता बनाए रखने और आने वाली बैठक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। इस पूरे मामले से साफ है कि पंजाब में मुस्लिम समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर अब ज्यादा सक्रिय और संगठित होता नजर आ रहा है।

Share this content:

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *