जालंधर:
पंजाब वक्फ बोर्ड में लगातार बढ़ रहे भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता जताते हुए जमात-ए-सलमानी ऑफ इंडिया के पंजाब अध्यक्ष अख्तर सलमानी ने मांग की है कि एडीजीपी फैयाज अहमद फारूकी को दोबारा वक्फ बोर्ड का एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज का बड़ा वर्ग यही चाहता है कि बोर्ड की बागडोर फिर से फारूकी साहब जैसे ईमानदार और काबिल अधिकारी के हाथों में दी जाए।
सलमानी ने कहा कि फारूकी साहब के कार्यकाल में लिए गए फैसले वक्फ बोर्ड के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुए हैं। उनके नेतृत्व में मस्जिदों की देखभाल, अनुदान में बढ़ोतरी, कब्रिस्तानों व खानकाहों के विकास के लिए दी गई ग्रांट और जमीन से जुड़े कई अहम फैसले किए गए, जिन्हें पंजाब का मुस्लिम समाज कभी भुला नहीं सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में वक्फ बोर्ड के भीतर भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे धार्मिक संस्थाओं और समुदाय के हितों को नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे हालात में बोर्ड को सही दिशा में लाने और पारदर्शिता कायम करने के लिए एडीजीपी फैयाज अहमद फारूकी की पुनर्नियुक्ति ही एकमात्र प्रभावी विकल्प है।
अख्तर सलमानी ने सरकार से अपील की कि मुस्लिम समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि वक्फ बोर्ड को भ्रष्टाचार से मुक्त कर उसके वास्तविक उद्देश्यों के अनुरूप चलाया जा सके।
Share this content:


